खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत नाबालिग छात्रा को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. बरामद छात्रा दशम् वर्ग की बतायी जा रही है. स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है.बरामद छात्रा को 183 के बयान के लिए न्यायालय भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. आरोपी की पहचान छौड़ाही थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के वार्ड चार निवासी स्वर्गीय बनारसी पासवान के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में की गई है, जो चार बच्चों का पिता बताया जा रहा है. इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि करीब 11 दिन पूर्व नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में उसकी मां द्वारा खोदावंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चलकी चौक से आरोपी को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि आरोपी छात्रा को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में छिपाकर रखा हुआ था. इसी दौरान छात्रा किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर दौलतपुर पेट्रोल पंप पहुंच गयी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया. छात्रा द्वारा बताये गये ठिकाने के आधार पर पुलिस की दो टीमों ने चलकी चौक के समीप एक घर में छिपे आरोपी को काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया. इस छापेमारी अभियान में एसआई अंजली भारद्वाज, अख्तर हुसैन, विनय कुमार पांडेय एवं एएसआई प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे. स्थानीय पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.