खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र से एक गुमशुदा छात्र को पुलिस ने रविवार की रात समस्तीपुर से सकुशल बरामद कर लिया है. बरामद छात्र की पहचान बाड़ा पंचायत के मिर्जापुर गांव निवासी शशि भूषण कुमार के पुत्र अमृत कुमार के रूप में की गई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था. मिली जानकारी के अनुसार अमित कुमार के अचानक लापता हो जाने के बाद परिजनों द्वारा खोदावंदपुर थाना में गुमशुदगी को लेकर आवेदन दिया गया था, परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे. इसी बीच छात्र की बरामदगी समस्तीपुर जिला के नगर थाना क्षेत्र से होने की सूचना मिली. इस संबंध में अमित के स्वजनों ने उसकी सकुशल बरामदगी की पुष्टि की है. परिजनों ने बताया कि छात्र अब पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने बताया कि इसकी सूचना खोदावंदपुर थानाध्यक्ष को भी दे दी गयी है.