प्राइवेट ट्यूटर ने गुरु-शिष्या संबंध को किया शर्मसार, वीडियो वायरल की धमकी देकर करता रहा शोषण

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र से गुरु-शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक प्राइवेट ट्यूटर पर अपनी ही शिष्या के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया है. इतना ही नहीं आरोपी द्वारा इस कृत्य का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने की बात भी सामने आयी है. पीड़िता थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, उसने खोदावंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पीड़िता ने स्थानीय पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि आरोपी प्राइवेट ट्यूटर चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत आकोपुर गांव निवासी सेठ महतो का पुत्र अजय कुमार उर्फ आदित्य सुमन है, जो खोदावंदपुर में ट्यूशन पढ़ाता है. इसी दौरान उसने विश्वास का फायदा उठाते हुए कई वर्षों से उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता के अनुसार आरोपी ने इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और अब उसे वायरल करने तथा उसके भाई को उठवा लेने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिए जाने की बात सामने आयी है. इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. हलांकि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है. पीड़िता न्याय की उम्मीद में है, वहीं इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.