खोदावंदपुर/बेगूसराय। सन साइंस कोचिंग, बाड़ा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन यू आर कॉलेज रोसड़ा के उपप्राचार्य डॉ प्रवीण कुमार प्रभंजन, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ विनय कुमार, जन्तु विज्ञान के डॉ सुमन कुमार, समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर इतिहास विभाग के प्रो दयानंद मेहता, इंजीनियर सुभाष पासवान, सुमित कुमार, पूर्व मुखिया टिंकू राय, समाजसेवी प्रकाश चंद्र उर्फ श्याम झा, डॉ विकास कुमार तथा आई पी स्कूल बरियारपुर पूर्वी के निदेशक राजाराम महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. वहीं संस्थान के निदेशक प्रो भगवान लाल साह ने सभी आगत अतिथियों का मिथिला परंपरा के अनुसार माला, पाग और चादर भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा दिव्या कुमारी, भवानी कुमारी एवं छात्र शिवम कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर मैट्रिक परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि डॉ प्रवीण कुमार प्रभंजन ने कहा कि “बाड़ा की मिट्टी अनमोल है, मैं इस मिट्टी को नमन करता हूँ. यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन देकर निखारा जा रहा है.” उन्होंने कहा कि प्रो भगवान लाल साह बच्चों की प्रतिभा को दीपक की तरह प्रकाशित कर रहे हैं, जो सराहनीय कार्य है. इस अवसर पर बाड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया टिंकू राय ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चे अपने साथियों को भी प्रेरित करें. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे कठिन परिस्थितियों में भी अपने बच्चों को शिक्षित करें, ताकि क्षेत्र के बच्चे प्रखंड और जिला ही नहीं, बल्कि राज्य और देश स्तर पर भी नाम रोशन कर सकें. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.