गांधी प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में कैंडल मार्च, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

खोदावंदपुर, बेगूसराय: समस्तीपुर जिला के रोसड़ा गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है. इसी क्रम में सागी चौक से सागी हटिया तक दर्जनों लोगों ने कैंडल मार्च निकाला. कैंडल मार्च में उपप्रमुख नरेश पासवान, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी, भाजपा जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष सिकंदर आलम, अधिवक्ता विनोद पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता राजन उर्फ सोनू सिंह, जदयू नेता आदिल शाहिद, सोनू पासवान, वार्ड सदस्य मोहम्मद जाहिद, मिथिलेश पासवान, रामबाबू पासवान, वॉलीबॉल खिलाड़ी विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और बुद्धिजीवी शामिल हुए. पैदल मार्च के दौरान लोगों ने “ईश्वर अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान” जैसे भजन गाकर शांति और सौहार्द का संदेश दिया. प्रतिभागियों ने हाथों में गांधी जी की तस्वीर लेकर मोमबत्तियां जलाईं और पैदल मार्च किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रोसड़ा गांधी चौक पर क्षतिग्रस्त प्रतिमा का शीघ्र पुनर्निर्माण कराये जाने, साथ ही प्रतिमा को तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने एवं पुलिस प्रशासन से इस घटना का पूर्ण उद्भेदन कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग की है. वहीं माले नेता अवधेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की घटना समाज में असहिष्णुता फैलाने का प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.