बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के बीच खोदावंदपुर में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम का शुभारंभ, अनिल चौधरी बोले- ई-वाहन ही भविष्य

खोदावंदपुर, बेगूसराय। पर्यावरण प्रदूषण की बढ़ती चुनौती के बीच खोदावंदपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गयी है. खोदावन्दपुर में अभिषेक इंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम का उद्घाटन पूर्व विधायक अनिल चौधरी ने किया. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अनिल चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में वायु प्रदूषण का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. यह समस्या अब केवल शहरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि गांवों और खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि आधुनिक पेट्रोल-डीजल चालित वाहनों से प्रदूषण बढ़ रहा है, ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहन पर्यावरण संरक्षण के लिए सर्वोत्तम विकल्प बनकर उभर रहे हैं. शोरूम के प्रोपराइटर अभिषेक कुमार ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान में दो पहिया एवं तीन पहिया इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध हैं, जिन्हें ग्राहकों को आसान किस्तों पर दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि इन वाहनों को चलाने में न तो पेट्रोल-डीजल की आवश्यकता है और न ही ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत पड़ती है. प्रतिष्ठान का उद्घाटन पूर्व विधायक अनिल चौधरी, प्रखंड प्रमुख संजू देवी, सामाजिक कार्यकर्ता राम गुलजार महतो, सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र महतो, समाजसेवी प्रो. नरेश कुमार तथा अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत माला एवं चादर भेंट कर किया गया. मौके पर लोजपा प्रखंड अध्यक्ष राम प्रकाश चौधरी, माले नेता अवधेश कुमार, राजद नेता रामबालक महतो, समाजसेवी नवीन कुमार, रामबाबू महतो, अरुण प्रसाद, अविनीशा कुमारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.