खोदावन्दपुर में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत, ज्ञानपुंज स्टडी सेंटर मेघौल में कार्यक्रम आयोजित।

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के ज्ञानपुंज स्टडी सेंटर मेघौल परिसर में सोमवार की शाम प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्रकार राजेश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन संस्थान के निदेशक ओमशंकर कुमार ने किया. इस अवसर पर वर्ग अष्टम, नवम, दशम, 11वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया. बताते चलें कि संस्थान द्वारा आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा में सफल छात्रों को इस कार्यक्रम में मेडल, डायरी एवं कलम देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सेवानिवृत्त शिक्षक युगेश्वर महतो, शिक्षक प्रभाकर कुमार, नवीन कुमार बबलू एवं अजीत कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों को निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.इस अवसर पर प्रतियोगिता परीक्षा में अष्टम वर्ग में जयंती कुमारी प्रथम, आदित्य कुमार द्वितीय एवं किंजल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.  नवम वर्ग में साक्षी कुमारी प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय तथा रुपेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे. दशम वर्ग में मुस्कान कुमारी प्रथम, प्रयत्न कुमारी द्वितीय एवं कौशल कृष्ण तृतीय स्थान पर रहे. वहीं 11वीं वर्ग में राजू कुमार प्रथम, जेशिका रानी द्वितीय तथा शिवम कुमार तृतीय स्थान पर रहे. कार्यक्रम के दौरान निदेशक ओमशंकर कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा सफल छात्रों को सम्मानित किया. इस मौके पर अध्यक्ष राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रखंड, जिला, राज्य एवं देश स्तर पर नाम रोशन करने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं मुख्य अतिथि युगेश्वर महतो ने भी शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यक्रम में दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल थी.