खोदावन्दपुर/बेगूसराय। रविवार को महात्मा फुले समता परिषद, बेगूसराय के तत्वावधान में बाघा स्थित डीपीआरएस स्कूल परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा एनडीए के सभी शीर्ष नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, रालोमो जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, परिषद के जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी वर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य दिलीप कुशवाहा और जदयू नेता विकास कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
इस अवसर पर शहीद जगदेव प्रसाद के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद मंच पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर एवं मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने कहा कि त्याग, तपस्या और बलिदान हर किसी के बस की बात नहीं होती. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को पिछड़ेपन से निकालकर विकास के पथ पर अग्रसर किया है, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के संयुक्त प्रयासों से बिहार ने नई ऊंचाइयों को छुआ है.
वहीं जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को बदहाली से निकालकर एक विकसित और सुसज्जित राज्य बनाने का कार्य किया है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता. कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस मौके पर बालेश्वर महतो, पूर्व मुखिया एवं भाजपा नेत्री सरोजिनी भारती, प्रदीप कुमार, शिव कुमार महतो, गणेश राम, रामबालक महतो, मनीष कुमार, जितेंद्र कुमार ‘जीबू’, विजय महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में रामराज महतो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.