खोदावंदपुर,बेगूसराय। गेहूं का बोझा लाने के लिए अपने खेत जा रही एक महिला के गले के सोने की चकती एवं नाक की नकमुन्नी छीन लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, ऐसी घटना खोदावंदपुर पंचायत के मुसहरी गांव के डिहवार स्थान के समीप बहियार में शुक्रवार की दोपहर में घटी. छीना झपटी की घटना में जख्मी महिला का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर में करवाया गया. पीड़ित महिला की पहचान मुसहरी गांव निवासी दीपन दास की पत्नी गोलकी देवी के रूप में की गयी है. पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया है कि वह गेहूं का बोझा लाने अपने खेत अकेले जा रही थी. रास्ते में वह पानी लाने चली गयी. पानी लेकर वापस लौटी तो एक अज्ञात युवक उसे पकड़ लिया और गिराकर छाती पर बैठ गया. फिर वह गला दबाने लगा. गला दबाने के दौरान ही इस अज्ञात बदमाश युवक ने उसके गले की लगभग आठ आना की सोने की चकती छीन ली और नाक की नक मुन्नी भी ले लिया. गला दबाये जाने के दौरान वह बेहोश हो गयी. इस दौरान बदमाश फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है. बताते चलें कि खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों बदमाशों का आतंक चरम पर है. प्रायः यहां छीना झपटी व अन्य अपराध की घटनाएं घट रही है. पुलिस बदमाशों को पकड़ने में नाकाम रहती है.