बेगूसराय में भूमिहार ब्राह्मण महासम्मेलन सम्पन्न, सामाजिक एकता पर दिया गया बल

खोदावंदपुर, बेगूसराय। फफौत पंचायत के मटिहानी गांव स्थित आर पी एस इंटरप्राइजेज सह मीसा लेयर फार्म परिसर में रविवार की शाम बेगूसराय जिला भूमिहार ब्राह्मण महासम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में समाज की एकजुटता, नैतिक मूल्यों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भूमिहार ब्राह्मण सभा बेगूसराय के अध्यक्ष अशोक सिंह ने की, जबकि संचालन संजय कुमार कैब ने किया. आगत अतिथियों का स्वागत सामाजिक कार्यकर्ता सह मीसा लेयर फार्म के सचिव जयदेव कुमार उर्फ सिंटू ने किया. सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अनिल चौधरी, पराशर सूर्यग्न सेवा समिति बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर शर्मा, विक्रमपुर पंचायत के मुखिया रमेश सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, कार्तिक सिंह, नारायण सिंह, उमेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, जयप्रकाश उर्फ बमबम सिंह, राम बाबू सिंह, अरुण कुमार मिश्र, अजय कुमार, जागेश्वर राय, रामचंद्र सिंह निराला तथा गौतम कुमार समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज में बढ़ते बिखराव के कारण नई पीढ़ी दिशा भ्रमित हो रही है. इसे रोकने के लिए समाज को संगठित होकर आगे आना होगा. वक्ताओं ने कहा कि अध्यवसाय, शिक्षा और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज के नैतिक स्तर को ऊंचा उठाया जा सकता है, साथ ही जिला भूमिहार ब्राह्मण संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा इसे सरकारी स्तर पर मान्यता दिलाने की मांग भी उठायी गयी. महासम्मेलन में पराशर गोत्रीय भूमिहार ब्राह्मण परिवार से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. आयोजन के दौरान सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया.