खोदावंदपुर,बेगूसराय। श्री दुर्गा पल्स टू विद्यालय मेघौल में मंगलवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वर्ग 9 से 12वीं तक के टॉपर छात्र छात्राओं को मेडल, हैट ऑनर बैंड देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए स्कूल के सेवानिवृत शिक्षक व शिक्षाविद चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा बहुत जरूरी है. इसके बिना कोई कार्य नहीं हो सकता. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाध्यापक मधुसुदन पासवान ने की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने प्रतिभाशाली बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए उनके सुनहले भविष्य की कामना की. इस मौके पर पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि इस स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है, जो अत्यंत ही गौरव की बात है. उन्होंने बच्चों को जीवन में उत्साह के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुमित कुमार ने किया. इस कार्यक्रम में शिक्षाविद चंद्रशेखर चौधरी, पूर्व पं स स अश्विनी प्रसाद सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, अरुण कुमार मिश्र, पूर्व शिक्षक रामाशीष महतो, राम बिनोद पासवान, सुरेन्द्र चौधरी, घनश्याम महतो, राहुल कुमार, रानी प्रियदर्शिनी, सीमा कुमारी, देवेंद्र कुमार, कर्ण कुमार, सियाराम पासवान आदि ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में स्कूल के सभी छात्र छात्राएं मौजूद थे.