राजेश कुमार,खोदावन्दपुर/बेगूसराय। छौड़ाही प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल उस समय चरम पर पहुंच गया, जब श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ के शुभारंभ को लेकर शनिवार को गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी.इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा महायज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर विभिन्न गांवों एवं प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए निर्धारित घाट तक पहुंची, जहां विद्वान आचार्य संजय शास्त्री द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरवाया गया. उसके बाद कलश शोभायात्रा पुनः गाजेबाजे के साथ बूढ़ी गंडक नदी के बाड़ा कंकड़ी घाट से एस एच 55 होते हुए दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक से चलकी, भोजा, शाहपुर, पतला, चौफेर चौक से अमारी गांव का भ्रमण करते हुए श्रद्धालु यज्ञ स्थल तक पहुंचे, जहां विधिवत कार्यक्रम का समापन किया गया. इस भव्य कलशयात्रा में लगभग 501 श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र स्नान एवं नए वस्त्र धारण कर शोभायात्रा में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आये. पूरे रास्ते जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा. आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ परिसर में हवन-पूजन के साथ-साथ प्रसिद्ध कथा वाचक निशु भारद्वाज गोपी द्वारा श्रीराम कथा का श्रवण कराया जायेगा, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे. कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. इसके अलावे विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमा, मेले जैसा माहौल बनाने के लिए बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले, मीना बाजार एवं अन्य प्रकार की दुकानों की भी व्यवस्था की गई है. महायज्ञ को लेकर आसपास के गांवों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने में लगे हुए हैं. शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं, जिसमें छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, पुअनि शैलेंद्र कुमार, खोदावन्दपुर थाना के एस आई विनय कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी. आयोजकों ने बताया कि यह रुद्र महायज्ञ 19 अप्रैल से शुरू होकर 29 अप्रैल तक चलेगा. इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा व भक्ति कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें. पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर गहरी आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है. इस कलश शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए ग्रामीण अरविन्द कुमार, गणेश कुमार, रौशन कुमार, राहुल कुमार, हरेराम महतो, अशोक महतो, सोशिदानंद महतो, राजेश कुमार, राम उदय कुशवाहा, अमन आलोक, महेश कुमार, रेखा देवी सहित अनेक यज्ञ समिति के सदस्यों ने अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं.