खोदावंदपुर, बेगूसराय। दौलतपुर पंचायत के राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेगमपुर में गुरुवार को दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. समारोह का विधिवत उद्घाटन प्रखंड प्रमुख संजू देवी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पंचमुखी कुमारी ने आगत अतिथियों का स्वागत चादर, माला एवं मिथिला के पारंपरिक पाग पहनाकर किया, जबकि मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक संदीप कुमार ने किया. समारोह में विद्यालय से अष्टम वर्ग उत्तीर्ण 68 छात्र-छात्राओं को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) प्रदान कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गयी. मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख संजू देवी ने अष्टम उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके जीवन की नई शुरुआत है. उन्होंने बच्चों को आगे की पढ़ाई में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है. समारोह को संबोधित करते हुए पत्रकार श्याम नंदन महतो, राजेश कुमार, उच्च माध्यमिक विद्यालय बेगमपुर के प्रधानाध्यापक शंभूनाथ विद्यार्थी, डाटा एंट्री ऑपरेटर राधेश्याम चौरसिया, शिक्षक सुरेश कुमार पंडित, उत्क्रमित मध्य विद्यालय दौलतपुर नवटोलिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक नाफे कौनैन, प्राथमिक विद्यालय सिरसी पश्चिम के प्रधान शिक्षक विमलेश कुमार, मध्य विद्यालय सिउरी के शिक्षक किरण कुमार, मध्य विद्यालय रामपुर के शिक्षक चंदन कुमार एवं शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्राओं ने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया. इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा. नाटक के माध्यम से समाज को दहेज मुक्त बनाने का संदेश दिया गया. दीक्षांत समारोह को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. विद्यालय परिसर में उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा. छात्र-छात्राएं अपने सहपाठियों और शिक्षकों से विदा लेते समय भावुक भी नजर आये. समारोह के अंत में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.