तेज रफ्तार पिकअप की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, मचा कोहराम

खोदावंदपुर/बेगूसराय। दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ पर मंगलवार की शाम तेज रफ्तार पिकअप वाहन की ठोकर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. यह हादसा अमरदीप डिजिटल धर्मकांटा के समीप हुआ, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. मृतक की पहचान दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव स्थित वार्ड- 09 निवासी उमेश महतो के 28 वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में की गयी है. शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रवीण कुमार दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक से तेल लेकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पास के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसने अपना दम तोड़ दिया. हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. मृतक अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे तथा विवाहित थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां फूलो देवी, पत्नी चांदनी कुमारी, भाई अरविंद कुमार एवं बहन पूनम कुमारी व अंजू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराते हुए अंतिम संस्कार बूढ़ी गंडक नदी के बांध किनारे कर दिया गया.
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना किसी के द्वारा भी पुलिस को नहीं दिया गया है, हलांकि पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल करने में जुटी है.