खोदावंदपुर (बेगूसराय)। उत्क्रमित मध्य विद्यालय दौलतपुर नवटोलिया में बुधवार को प्रारंभिक दीक्षांत समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया. आयोजित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बीडीओ सह प्रभारी बीईओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, उत्तराखंड के एचडीएफसी बैंक मैनेजर आशीर्वाद प्रियांशु, सागी पंचायत के मुखिया मोहम्मद इरशाद आलम, दौलतपुर पंचायत के मुखिया उमा कुमार चौधरी, पंचायत समिति सदस्य जुनैद अहमद एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुनीब आलम सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर वर्ग प्रथम से अष्टम तक के वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं अष्टम वर्ग उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को एसएलसी प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गयी. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नाफे कौनैन ने आगत अतिथियों को मिथिला परंपरा के अनुसार माला, पाग, चादर व गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया, जबकि मंच संचालन शिक्षक मोहम्मद खल्लाक आलम ने किया. इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि ऐसे समारोह बच्चों के उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.