खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में गुरु-शिष्या के पवित्र संबंध को कलंकित करने के मामले में मीडिया में खबर प्रकाशित होते ही पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित प्राइवेट ट्यूटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की एक छात्रा ने पूर्व में लिखित आवेदन देकर अपने साथ हुए यौन शोषण की शिकायत की थी और न्याय की गुहार लगाई थी, हालांकि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि प्रारंभिक स्तर पर इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी. वहीं स्थानीय स्तर पर पंचायत के माध्यम से मामले को दबाने का प्रयास भी किया गया. आरोपित ट्यूटर की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत आकोपुर गांव निवासी सेठ महतो के पुत्र अजय कुमार उर्फ आदित्य सुमन के रूप में की गई है. शिकायत के बावजूद आरोपी कुछ समय तक खुलेआम घूमता रहा. पीड़िता के अनुसार वह खोदावंदपुर में ट्यूशन पढ़ने जाती थी, जहां आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया. उसने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसका वीडियो भी बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा. मामला जब समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक हुआ, तब पुलिस सक्रिय हुई और कांड संख्या- 37/026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं पीड़िता को न्यायालय में बयान दर्ज कराने (बीएनएस धारा-183) तथा चिकित्सीय जांच के लिए बेगूसराय भेजा गया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच जारी है. वहीं दूसरी ओर इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग वरीय अधिकारियों से की है.