सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर में धूमधाम से मनाया गया पृथ्वी दिवस, बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खोदावंदपुर/बेगूसराय: सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर परिसर में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ पृथ्वी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया.इस मौके पर विद्यालय परिसर में जागरूकता और रचनात्मकता से भरपूर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.कार्यक्रम की शुरुआत भाषण प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्रकृति के महत्व पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किये. इसके बाद आयोजित रीसाइक्लिंग गतिविधि में बच्चों ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार कर ‘रीयूज और रीसायकल’ का संदेश दिया. चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पृथ्वी, हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण को लेकर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया. वहीं विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से छात्रों को पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया गया. इसके अतिरिक्त कविता पाठ एवं स्लोगन प्रतियोगिता के जरिए बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पृथ्वी को बचाने का संदेश फैलाया. कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने पृथ्वी की रक्षा के लिए शपथ ली. उन्होंने संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाएंगे, जल एवं ऊर्जा की बचत करेंगे, प्लास्टिक के उपयोग को कम करेंगे तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे. कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की चेयरमैन मंजु सनगही, डायरेक्टर एस के सिंह एवं शिक्षक मृत्युंजय कुमार के मार्गदर्शन में किया गया. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं, इसलिए सभी को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिये. कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की सराहना की गयी और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश भी दिया गया.