खोदावंदपुर, बेगूसराय। फफौत पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष राम कुमार महतो ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार चौथी बार जीत हासिल की. सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुए चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी दिनेश साह को 612 मतों के भारी अंतर से पराजित किया. चुनाव परिणाम के अनुसार राम कुमार महतो को कुल 772 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी दिनेश साह को मात्र 160 मतों से संतोष करना पड़ा. इस दौरान 62 मत अवैध घोषित किए गए. चुनाव में कुल 1923 मतदाता सदस्यों में से 1003 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान की प्रक्रिया सोमवार सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. मतदान के लिए फफौत पैक्स भवन में तीन केंद्र पूर्वी भाग, मध्यम भाग एवं पश्चिमी भाग बनाए गए थे. मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया. मतदान समाप्ति के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना करायी गयी, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही. इस दौरान प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, एस आई अख्तर हुसैन, एएसआई विवेक कांत शेखर सहित दंडाधिकारी व पुलिस बल मौके पर तैनात रहे. लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद राम कुमार महतो के समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है. समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी. प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने परिणाम की आधिकारिक पुष्टि की, जबकि एआरओ सह प्रखंड श्रम परिवर्तन पदाधिकारी जयकिशन भी चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से मौजूद रहे.