आगलगी में तीन दुकानें राख, 15 लाख से अधिक की संपत्ति स्वाहा, एक दुकानदार झुलसा* *बिजली शॉट शर्किट से लगी आग* *ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर पा लिया गया काबू*

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। छौड़ाही थाना क्षेत्र के अमारी पंचायत अंतर्गत चक्का गांव में 19 अप्रैल की दोपहर अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गयी. बताया जाता है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार चक्का गांव के वार्ड एक निवासी योगेन्द्र महतो की पत्नी शोभा देवी के परिसर में स्थित जनरल स्टोर एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में बिजली शॉट शर्किट से आग लग गयी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक ही मकान के अंदर संचालित दो अन्य दुकानों तक फैल गयी और तीनों दुकानों का सारा सामान जलकर खाक हो गया. शिवकुमार द्वारा संचालित “शिव स्टेशनरी” दुकान, जो बैंक से लोन लेकर चलायी जा रही थी, पूरी तरह जल गयी. इस दुकान में रखे लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर, कॉपी-कलम, फ्रिज व गिफ्ट सामग्री समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. वहीं रामकुमार महतो की जनरल स्टोर की होलसेल दुकान व गुमटी में रखे सामान भी जल गए, जिसमें लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है. घटना के दौरान दुकानदार रामकुमार महतो आग बुझाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गये. उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छौड़ाही में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गये और अपने स्तर से आग बुझाने में लग गये. स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को भी दे दी गयी है. वहीं अग्निशमन विभाग को भी फोन किया गया, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची. फोन पर पानी नहीं होने की बात कहकर कॉल काट देने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के बाद पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है.