खोदावंदपुर, बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी व नेशनल आयुर्वेद स्टूडेंट एवं यूथ एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डॉ एस कुमार ने बिहार के नये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी कई अहम समस्याओं को उनके समक्ष रखा. इस दौरान डॉ कुमार ने चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी. उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई सुझाव दिये और स्वास्थ्य विभाग के 5/2025 विज्ञापन में दूसरी मेरिट सूची जारी करने की मांग की. इसके अलावे उन्होंने राज्य में बंद पड़े आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को पुनः चालू कराने तथा बेगूसराय जिले में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. डॉ कुमार ने बताया कि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से युक्त शैलेश आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण हो चुका है, लेकिन इसके आसपास अभी भी पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है, जहां विश्वविद्यालय की स्थापना की जा सकती है. उन्होंने कहा कि बेगूसराय में आयुर्वेद विश्वविद्यालय बनने से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति भी अधिक प्रभावी रूप से विकसित हो सकेगी. मुख्यमंत्री ने डॉ कुमार की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.