खोदावंदपुर में दो अलग-अलग मामलों में तीन लोग लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

खोदावंदपुर/बेगूसराय। प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों लापता होने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. अलग-अलग दो मामलों में एक वृद्ध पुरुष समेत तीन लोग बीते कुछ दिनों से लापता हैं. काफी खोजबीन के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.पहली घटना खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत तारा गांव के वार्ड संख्या-09 की है, जहां तारा गांव निवासी मिथिलेश यादव 14 अप्रैल 2026 से लापता हैं. परिजनों के अनुसार, वे घर से रोसड़ा जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. इसके बाद परिवार वालों ने अपने स्तर से हर जगह तलाश की, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से संपर्क किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है.
वहीं दूसरी घटना खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र के बाड़ा पंचायत की है, जहां दो महिलाएं कल संध्या करीब 7 बजे बाड़ा हाट जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं. लापता महिलाओं की पहचान बाड़ा गांव के महेन्द्र शर्मा की शादीशुदा पुत्री बबिता कुमारी एवं इसी गांव के मोहम्मद इकबाल की पुत्री रोजी खातून के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि दोनों के अचानक गायब हो जाने से घर में अफरा-तफरी का माहौल है. संभावित सभी स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उनका भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है. परिजनों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता लोगों की जल्द से जल्द खोजबीन करने की मांग की है, साथ ही आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन लापता व्यक्तियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत 8677050500 व 8092717269 पर संपर्क करें.