खोदावंदपुर/बेगूसराय: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जिले भर में संचालित ‘पोषण पखवाड़ा’ अभियान के तहत बुधवार को खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीतेश कुमार ने की. इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में बच्चों और महिलाओं को पोषण के महत्व से अवगत कराया गया. कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के नौनिहालों का जन्मदिन केक काटकर उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. साथ ही प्रभारी सीडीपीओ द्वारा बच्चों के बीच स्कूल बैग का वितरण किया गया, ताकि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके. कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण केंद्र पर रंगोली बनायी गयी, जिसमें ‘सही पोषण के पांच सूत्र’ को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया था. इस रंगोली के माध्यम से उपस्थित महिलाओं और अभिभावकों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया. कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम कार्यालय से जिला समन्वयक मृत्युंजय कुमार, जिला परियोजना सहायक अश्वनी कौशिक एवं जिला मिशन समन्वयक राज कुमार सिन्हा, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संदीप कुमार के अलावे प्रखंड समन्वयक विवेक कुमार, सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं एवं पिरामल फाउंडेशन की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभायी. इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. महिलाओं को बच्चों के संतुलित आहार, स्वच्छता, स्तनपान एवं समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने अपील की कि सभी परिवार पोषण पखवाड़ा के संदेश को अपनाते हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें, ताकि कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके.