खोदावंदपुर, बेगूसराय। वर्ष 2026 की जनगणना को लेकर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से प्रारंभ हो गया. प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी स्मृति भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संदीप कुमार ने किया. मिली जानकारी के अनुसार खोदावंदपुर प्रखंड में कुल 170 प्रगणकों की नियुक्ति जनगणना कार्य के लिए की गयी है, जिनकी मॉनिटरिंग पर्यवेक्षकों द्वारा की जायेगी. प्रशिक्षण के प्रथम चरण में 45 प्रगणक भाग ले रहे हैं. शेष प्रगणकों को आगामी चरणों में क्रमवार प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देश, आंकड़ा संकलन की प्रक्रिया तथा आवश्यक तकनीकी जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके.