खोदावंदपुर,बेगूसराय। मैट्रिक सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में सागी पंचायत के सी डी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है. विद्यालय के सभी 112 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे, जिससे विद्यालय में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है. इस उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है. इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय के निदेशक एस के सिंह ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में छात्र मयंक मधुकर एवं छात्रा नुपुर कुमारी ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है. वहीं छात्रा रेशमी ने 93 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा आयुष कुमार ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है. उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम में विद्यालय के 9 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 30 छात्रों ने 80 से 90 प्रतिशत, 30 छात्रों ने 70 से 80 प्रतिशत तथा 24 छात्रों ने 60 से 70 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए ऐतिहासिक सफलता बताया जा रहा है. विद्यालय के निदेशक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है. उन्होंने कहा कि इतने उत्कृष्ट अंकों के साथ शत-प्रतिशत परिणाम यह सिद्ध करता है कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वहीं विद्यालय की चेयरमैन मंजु सनगही ने कहा कि बच्चों ने अपनी प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी सफलता दूर नहीं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र नारायणपुर में बेहतर शिक्षा की अलख जगाना विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है और यह परिणाम उसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है. विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ईश्वर ने कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यालय की सामूहिक मेहनत का प्रतिबिंब होता है. उन्होंने बताया कि विद्यालय में न केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने पर बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, लेखन कौशल और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है. सभी 112 विद्यार्थियों का सफल होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है. विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी ने अपनी क्षमता के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों और छात्रों के बीच विश्वास, मेहनत और समर्पण की जीत है. विद्यालय परिसर में परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उत्सव जैसा माहौल रहा. सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गयी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गयी.