11 हजार वोल्ट की तार से निकली चिनगारी, गेहूं की फसल जलकर राख

खोदावंदपुर, बेगूसराय: खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के मेघौल पंचायत अंतर्गत मलमल्ला गांव के समीप बहियार में शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट की बिजली तार से निकली चिनगारी के कारण गेहूं की फसल में आग लग गयी.इस घटना में बिदुलिया गांव के वार्ड दो निवासी स्व. हृदय महतो के जेष्ठ पुत्र जगदीश महतो की करीब 5 कट्ठा में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी. बताते चलें कि मलमल्ला पासवान टोला के दक्षिण बहियार में अचानक आग भड़क उठी, जिससे खेत में खड़ी पूरी फसल जलकर नष्ट हो गयी. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और लोग आग बुझाने में लग गये. घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों एवं स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आस-पास की अन्य फसल को बचा लिया गया. पीड़ित किसान ने इस संबंध में अंचल कार्यालय को सूचना दे दी है. गौरतलब है कि पहले ही बेमौसम आंधी और बारिश से किसानों की फसल को भारी नुकसान हो चुका है. अब लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से किसानों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.