फफौत पैक्स चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए एक प्रत्याशी ने भरा अपना पर्चा

खोदावंदपुर,बेगूसराय। आगामी 20 अप्रैल को होने वाले फफौत पैक्स चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन गुरुवार को अध्यक्ष पद से एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. फफौत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कुल दो प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार इस पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष राम कुमार महतो एवं दिनेश साह ने अध्यक्ष पद के लिए अपना पर्चा भरा है, जबकि कार्यकारिणी समिति सदस्य पद पर अनुसूचित जाति संवर्ग से एक पद के लिए हरेराम रजक, अत्यंत पिछड़ा वर्ग से एक पद के लिए मंटुन ठाकुर, पिछड़ा वर्ग से दो पद के लिए भूपेंद्र कुमार वर्मा एवं सुनीता कुमारी तथा सामान्य वर्ग पुरुष के तीन पदों के लिए रामाशीष महतो, पवन कुमार, रामचंद्र रजक तथा सामान्य वर्ग महिला के तीन पदों के लिए उर्मिला देवी, श्यामली देवी तथा बिंदा कुमारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कराया है. इसकी जानकारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शैलेश कुमार ने दी है.
बताते चलें कि फफौत पैक्स के कार्यकारिणी समिति सदस्य के लिए रिक्त पद के अनुसार ही प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल कराए जाने से कार्यकारिणी समिति के सदस्य पद के लिए सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध विजयी होने का रास्ता साफ हो गया है, जबकि अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों के नामांकन किए जाने से इस पद के लिए चुनाव कराए जाने की संभावना है. प्राप्त जानकारी के अनुसार नामांकन पत्रों की समीक्षा 10 एवं 11 अप्रैल को की जायेगी. प्रत्याशी आगामी 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. यदि अध्यक्ष पद से दोनों उम्मीदवार चुनावी जंग में डटे रहेंगे तो 13 अप्रैल को दोनों प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जायेगा. आगामी 20 अप्रैल को अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जायेगा. फफौत पैक्स गोदाम को मतदान केंद्र बनाया गया है, जिसमें इस पैक्स के कुल 1923 वोटर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. मतदान का कार्य सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक होगा.