फफौत पैक्स चुनाव की प्रक्रिया शुरू, 20 अप्रैल को होगा मतदान

खोदावंदपुर (बेगूसराय)। फफौत पैक्स चुनाव को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो गयी है. आगामी 20 अप्रैल को होने वाले इस चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन दाखिल करने का कार्य प्रारंभ हो गया. नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया. इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी समिति सदस्य पद के लिए 8 एवं 9 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे. नामांकन पत्रों की समीक्षा 10 एवं 11 अप्रैल को होगी, जबकि प्रत्याशी 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन शेष प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि मतदान 20 अप्रैल को फफौत पैक्स गोदाम स्थित मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जायेगा. मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जायेगा. मिली जानकारी के अनुसार इस पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद के एक सीट के अलावा कार्यकारिणी समिति सदस्य के लिए कुल 10 पदों पर चुनाव होगा, इसमें सामान्य वर्ग से 3 पुरुष एवं 3 महिला (कुल 6 पद), पिछड़ा वर्ग से 2 पद, अति पिछड़ा वर्ग से 1 पद तथा अनुसूचित जाति से 1 पद शामिल हैं. नामांकन के पहले दिन निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष राम कुमार महतो ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी शैलेश कुमार एवं एआरओ पंकज कुमार भी मौजूद थे.