खोदावंदपुर,बेगूसराय। गेहूं उत्पादक किसानों से सरकारी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने की योजना बनायी गयी है. एक अप्रैल 2026 से गेहूं खरीद कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है, परंतु अब तक प्रखंडों को गेहूं खरीद कार्य के लक्ष्य का निर्धारण नहीं किया गया है. सरकार ने इस वर्ष गेहूं का सरकारी समर्थन मूल्य 2 हजार 585 रुपया प्रति क्विंटल निर्धारित किया है. आगामी 30 जून तक गेहूं खरीदने की समय सीमा निर्धारित की गयी है. इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि किसानों से गेहूं खरीदने की जिम्मेदारी पैक्सों को दी गयी है, जो पैक्स गेहूं खरीदने में रुचि लेंगे उन्हें ही गेहूं खरीदने की जिम्मेदारी दी जायेगी. बीसीइओ ने बताया कि फिलहाल पूरे जिला में प्रथम लॉट में 4 हजार 260 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य है. प्रखंडों में अभी गेहूं खरीद कार्य के लक्ष्य का निर्धारण नहीं किया गया है, परंतु जल्द ही प्रखंड स्तर पर भी गेहूं खरीद कार्य के लक्ष्य का निर्धारण कर दिया जायेगा.
बताते चलें कि खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष करीब 1200 हेक्टेयर में गेहूं की खेती की गयी है. खेतों में गेहूं की लगी फसल पकने के कगार पर है. पिछले दिनों तेज आंधी, ओलावृष्टि के साथ हुई बेमौसम की बरसात से गेहूं फसल को काफी नुकसान हुआ है, जिससे किसान अपना छाती पीट रहे हैं. अब तक इक्का दुक्का किसान का ही गेहूं की फसल पका है, जिसकी कटनी शुरू हो गयी है. किसानों के अनुसार खेतों में धाराशायी हो चुके गेहूं फसल की कटनी करना भी मुश्किल हो गया है. किसानों ने बताया कि प्रकृति की मार से गेहूं फसल बर्बाद हो चुका है, हालांकि कृषि विभाग बर्बाद हुए रब्बी फसलों की क्षति का आंकलन करने में जुटी है, परंतु किसानों को इसकी भरपाई की जा सकेगी इसमें संदेह है.