पूरानी जमीनी विवाद को लेकर अधेड़ ने धारदार हथियार से युवक को किया घायल, पुलिस ने आरोपी अधेड़ को हिरासत में लेकर थाने में कर रही पूछताछ

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत चकवा गांव में शुक्रवार को बाप-बेटे के आपसी विवाद को शांत कराने पहुंचे एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
जख्मी युवक की पहचान चकवा गांव के वार्ड 13 निवासी कमलू रजक के पुत्र राम विलास रजक के रूप में की गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार चकवा गांव में फेकू रजक और उसके पुत्र दीपक कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान राम विलास रजक अपने घर से निकलकर दुकान जा रहा था और घटनास्थल पर रुककर पिता-पुत्र के विवाद को छुड़ाने का प्रयास किया, तभी पूरानी जमीनी विवाद को लेकर आरोपी फेकू रजक ने अचानक धारदार हथियार से रामविलास रजक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाना के 112 नंबर पुलिस टीम के पदाधिकारी श्रवण कुमार यादव मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आरोपी फेकू रजक को धारदार हथियार के साथ हिरासत में ले लिया. वहीं परिजनों ने आनन-फानन में जख्मी युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. पीड़ित युवक ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. पुलिस आरोपी अधेड़ व्यक्ति से थाने में पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन करने में भी जुट गयी है.