खोदावंदपुर,बेगूसराय। एक अप्रैल को पीएचइडी विभाग की एसडीओ ज्योति कुमारी, ललित कुमार एवं कनीय अभियंता आरती कुमारी द्वारा पंप संचालकों को किस्त के आधार पर उनकी बकायी राशि के भुगतान कर देने के आश्वासन पर पंप संचालकों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दिया, उसके बाद मुख्यमंत्री नल जल योजना से पेयजलापूर्ति का कार्य शुरू हो गया. पानी मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली. बताते चलें कि बुधवार को पीएचइडी विभाग के एसडीओ एवं जेई ने खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न नलकूपों और पानी टंकियों का निरीक्षण किया और पंप संचालकों से उनकी समस्याएं साझा किया. इस दौरान पंप संचालकों ने मुख्यमंत्री नल जल योजना से जुड़े संवेदकों द्वारा बकाये राशि का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत की. पंप संचालकों ने अपनी विगत पांच वर्षों की बकायी पारिश्रमिक राशि के एकमुश्त भुगतान करने की मांग की. पीएचईडी के अधिकारियों ने वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार पंप संचालकों को उनकी बकायी राशि का तीन-तीन माह का अलग-अलग किस्तों में भुगतान करने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने तीन अप्रैल को तीन माह की तथा आगामी 15 अप्रैल को फिर तीन महीने की बकायी राशि के भुगतान करवाने का आश्वासन दिया. मौके पर अनेक पंप संचालक मौजूद थे.