खोदावंदपुर/बेगूसराय: रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. यह शोभायात्रा श्री ठाकुर रामजानकी मंदिर, बरियारपुर पूर्वी से प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों गाड़ियों का काफिला शामिल रहा. शोभायात्रा बरियारपुर पूर्वी से निकलकर महुआ टोल, बरियारपुर पश्चिमी, बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 होते हुए मिर्जापुर, बाड़ा, दौलतपुर, नारायणपुर और सागी जीरोमाइल चौक पहुंची, इसके बाद यात्रा वापस उसी मार्ग से तारा चौक, खोदावंदपुर, मेघौल और धर्मगाछी चौक होते हुए सीमान चौक से चकवा गांव का भ्रमण करते हुए पुनः बरियारपुर पूर्वी ठाकुरबाड़ी पहुंचकर संपन्न हो गया. शोभा यात्रा में श्रीराम दरबार की भव्य झांकी भी निकाली गयी. इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया और जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा. शोभा यात्रा में चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिषेक आनंद सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे.इनमें प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संदीप कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी अभिषेक कुमार, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, एसआई अख्तर हुसैन, एएसआई विवेककांत शेखर, सहायक तकनीकी प्रबंधक मणिमेशानंद, किसान सलाहकार, चौकीदार समेत कई अधिकारी शामिल थे. इसके अलावे कमिटी अध्यक्ष राम ध्यान महतो, सचिव दयानंद प्रभाकर, कोषाध्यक्ष राजाराम महतो, उपाध्यक्ष अमित कुमार, बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष जेपी सिंह, सनातन धर्म से जुड़ें तरुण कुमार रौशन, रामकुमार महतो, चन्द्रगुप्त कुमार, विपिन कुमार, रोहित कुमार, अवनीश कश्यप, संतोष कुमार दास, रवीन्द्र कुमार, पिन्टु शर्मा, हरेराम सिंह, घनश्याम कुमार, सिकन्दर कुमार वर्मा, चंदन कुमार सहित बजरंग दल एवं सनातन धर्म से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलता पूर्वक संपन्न हो सकी. इस अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर बरियारपुर पूर्वी के महंत मधुसूदन शरण के द्वारा जन-प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं पत्रकारों को माला व गमछा भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया.