खोदावंदपुर,बेगूसराय। दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का फरार मुख्य शूटर को फफौत गांव से बीती रात गिरफ्तार कर लिया गया. दिल्ली पुलिस एवं खोदावंदपुर पुलिस द्वारा गुप्त रूप से चलाये गये संयुक्त छापामारी अभियान में इस बदमाश को धर दबोच लिया गया है. इसकी जानकारी देते हुए खोदावन्दपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट दिल्ली पुलिस और खोदावंदपुर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दिल्ली के बाबाना थाना कांड संख्या- 124/26, दिनांक 20/03/2026, धारा 103(1), 3(5) बी एन एस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार बदमाश टिल्लू ताजपुरिया गैंग दिल्ली के मुख्य शूटर 20 वर्षीय आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी है, जो दिल्ली के नांगल ठाकरान क्षेत्र का रहने वाला है, जो विगत 19 मार्च को दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के हरेवेली निवासी रवि भारद्वाज की हत्याकांड का मुख्य शूटर है. उन्होंने बताया कि इस बदमाश के फफौत गांव में अपने एक दोस्त के यहां छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर दिल्ली से यहां पहुंची दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में इस बदमाश को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार बदमाश को न्यायालय में पेशी के बाद दिल्ली ले जाया जायेगा.