खोदावंदपुर,बेगूसराय। फफौत पंचायत के मटिहानी गांव में नवनिर्मित बाबा मटेश्वर नाथ शिव मंदिर में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा एवं श्रीमद् भागवत कथा को लेकर गाजेबाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जो शोभा यात्रा गाजेबाजे के साथ गांव का भ्रमण करते हुए बूढ़ीगंडक नदी के नरहन पुल घाट में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा गया, उसके बाद पुनः शोभायात्रा फफौत, चकयद्दु, मालपुर होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर संपन्न हो गया. इस शोभायात्रा में 1001 नर-नारियों से बढ़ चढ़कर भाग लिया. इसकी जानकारी देते हुए समाजसेवी जयदेव कुमार सिन्टु व सेवानिवृत्त शिक्षक सुनील सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर तीन मार्च से वृंदावन से आये कथावाचिका ब्रजकिशोरी जी के मुखारविन्द से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया जा रहा है. ज्ञान मंच से भागवत कथा सुनाती हुई कथावाचिका ने कहा कि भागवत कथा सुनने से मानव को मोक्ष की प्राप्ति होती है. वेदव्यास द्वारा रचित महत्वपूर्ण ग्रंथों और पुराणों में भागवत का विशेष महत्व है. यह लोगों को अध्यात्म की ओर ले जाती है और मानव जीवन को सफल बनाने का मार्ग प्रशस्त करती है. इस भागवत कथा को सुनने के लिए इलाके के कई गांवों के लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है. लोग ज्ञान यज्ञ में डुबकी लगा रहे हैं और भागवत कथा का आनंद उठा रहे है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामीण पुष्कर कुमार, नीतीश कुमार समेत अन्य ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. सप्ताहिक ज्ञान यज्ञ के आयोजन से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है.