खोदाबंदपुर,बेगूसराय। होली के दिन बुधवार की शाम तीन बेलगाम बाइकों के आपस में टकराने की घटना में बाइक सवार पांच युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. यह सड़क हादसा बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ पर एस एच 55 पर खोदाबंदपुर सीमान चौक के समीप हुआ. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं एस आई अख्तर हुसैन ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है.
घायलों की पहचान मेघौल गांव के भोला सिंह के 20 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार, इसी गांव के संजय रजक के 19 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार, फफौत पंचायत के तारा गांव निवासी अर्जुन राम के पुत्र शिवम कुमार तथा समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के नरहन निवासी मनोज राम के पुत्र मनीष कुमार तथा इसी गांव के आनंदी राम का पुत्र श्याम कुमार के रूप में की गयी है.