खोदावंदपुर केविके में बागवानी प्रबंधन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन

खोदावंदपुर,बेगूसराय। कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर में आयोजित बागवानी प्रबंधन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन मंगलवार को किया गया. आत्मा के सौजन्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसानों ने भाग लिया. प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बागवानी की उन्नत तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी गयी. इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र खोदावंदपुर के वरीय सह प्रधान वैज्ञानिक डॉ राम पाल ने फल फसलों में उचित दूरी के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि सही दूरी रखने से पौधों का उचित विकास होता है. उन्होंने बताया कि इससे पौधों की स्थापना बेहतर होती है तथा लंबे समय तक इससे अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है. मौके पर विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ एन एन पाटिल ने बागवानी स्थापना के सिद्धांतों पर विस्तृत जानकारी देते हुए जलवायु, मृदा के प्रकार, विभिन्न जलवायु के अनुसार उपयुक्त फल फसलें, उन्नत किस्मों का चयन, पोषक तत्व प्रबंधन, रोग एवं कीट प्रबंधन आदि विषयों पर किसानों को सरल भाषा में समझाया. उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर बागवानी से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया.प्रशिक्षण के दौरान किसानों को डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर का अवलोकन भी कराया गया, जहाँ किसानों ने उन्नत बागवानी तकनीकों, अनुसंधान प्लॉट्स तथा आधुनिक कृषि प्रणालियों का अवलोकन किया. प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों के बीच प्रमाण पत्र भी वितरित किये गये. किसानों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा की.