राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित एक प्रेस वार्ता का आयोजन कारगिल विजय सभा भवन बेगूसराय में किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री द्वारा जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति एवं प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में थिंक गैस पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में कुल 7405 उपभोक्ता थिंक गैस पाइपलाइन से जुड़े हुए हैं, इसके अतिरिक्त तीन प्रमुख गैस कंपनियों द्वारा एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है, जिनमें आईओसीएल (IOCL) की 40 एजेंसियां, बीपीसीएल (BPCL) की 16 एजेंसियां तथा एचपीसीएल (HPCL) की 12 एजेंसियां कार्यरत हैं। जिला पदाधिकारी ने बताया कि विभिन्न मीडिया माध्यमों से गैस आपूर्ति में संभावित समस्या की जानकारी प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अवैध रूप से गैस सिलिंडर की जमाखोरी कर बिक्री करने वाले एक व्यक्ति के घर छापेमारी कर गैस सिलिंडर जब्त किया गया तथा उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की बुकिंग में वृद्धि देखी गई है। नए नियम के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एक उपभोक्ता नंबर से गैस बुकिंग के लिए न्यूनतम 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच के लिए 68 टीमों का गठन कर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया, ताकि आम नागरिकों को गैस सिलिंडर से संबंधित किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जांच प्रतिवेदन में यह पाया गया कि जिले में अधिकांश एजेंसियां नियमानुसार कार्य कर रही हैं। जिला पदाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में फैली अफवाहों के कारण कई लोग गैस गोदामों पर अनावश्यक भीड़ लगा रहे हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से आम लोगों से अपील की कि वे अपने घर से ही गैस बुकिंग करें। बुकिंग के बाद ओटीपी (OTP) के माध्यम से घर पर ही गैस सिलिंडर की डिलीवरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले की अपेक्षा वर्तमान में गैस सिलिंडर की डिलीवरी में थोड़ा अधिक समय लग रहा है, लेकिन आम लोगों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में औसतन IOCL द्वारा 3.4 दिन, BPCL द्वारा 6 दिन तथा HPCL द्वारा 4.2 दिन में गैस सिलिंडर की डिलीवरी की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस सिलिंडर की डिलीवरी ओटीपी प्रणाली के माध्यम से ही की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को पूरी तरह रोका जा सके। विगत दो-तीन दिनों में ओटीपी से संबंधित गलत डिलीवरी की कुछ सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच के लिए अपर समाहर्ता विभागीय जाँच श्री महेश्वर प्रसाद सिंह को जांच करने का निर्देश दिया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला प्रशासन की प्राथमिकता घरेलू (डोमेस्टिक) गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। वहीं कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति भी कराई जा रही है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालयों में कॉमर्शियल गैस आपूर्ति भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिले में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसका संपर्क नंबर 06243-450626 है। जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।