खोदावंदपुर/बेगूसराय। बरियारपुर पूर्वी पंचायत के बलुआहा गांव स्थित बाबा डिहवार स्थान के समीप मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब लगभग 100 वर्ष पुराना सूखा पीपल का विशाल वृक्ष अचानक बीच सड़क पर गिर गया. पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर बाद पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा. घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. पेड़ गिरने से सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार भी टूट गये, जिससे मंदिर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मंदिर के पुजारी जयप्रकाश महतो और उपेंद्र महतो ने बताया कि यह पीपल का पेड़ काफी पुराना और विशाल था. वे प्रतिदिन मंदिर परिसर की साफ-सफाई के साथ सुबह-शाम पूजा-पाठ करते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेड़ हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि जनजीवन सामान्य हो सकें. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक पेड़ को हटाया नहीं जाता, तब तक आवागमन में भारी परेशानी बनी रहेगी. प्रशासन के हस्तक्षेप का इंतजार किया जा रहा है.