खोदावंदपुर/बेगूसराय। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर के अंतर्गत “बिहार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन मिलेट्स वैल्यू चेन” परियोजना के तहत कृषि विज्ञान केंद्र खोदावन्दपुर, बेगूसराय में मिलेट्स वैल्यू चेन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अन्वेषक श्वेता मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. कृषि विज्ञान केंद्र बेगूसराय के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल ने मिलेट्स के पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन तथा मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की. प्रशिक्षण के कोर्स को-ऑर्डिनेटर सह वैज्ञानिक डॉ विपिन ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं संरचना की विस्तार से जानकारी दी. इस अवसर पर डॉ रिताम्भरा, डॉ शैलेश कुमार, डॉ हेमलता एवं डॉ लोकेश ने मिलेट्स की उन्नत उत्पादन तकनीक, पोषण संबंधी महत्व, विपणन, उद्यमिता के अवसर तथा किसानों के बीच मिलेट्स को बढ़ावा देने में केवीके की भूमिका पर व्याख्यान दिये. इस अवसर पर केविके के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ एन एन पाटिल ने भी मिलेट्स के आर्थिक एवं पोषण संबंधी महत्व पर अपने विचार व्यक्त किये. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों से आये 35 किसान एवं महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुये.