आंधी वर्षा से हुई फसल क्षति का आंकलन शुरू

खोदावंदपुर,बेगूसराय। विगत 20 मार्च को तेज आंधी, ओलावृष्टि के साथ मूसलाधार बारिश से हुई रब्बी फसलों की व्यापक क्षति का आंकलन करने का कार्य सोमवार को शुरू किया गया. जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड कृषि समन्वयक एवं कृषक सलाहकार की टीम के द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में खेतों में घूम- घूमकर फसल क्षति का भौतिक आंकलन किया जा रहा है. इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड कृषि समन्वयक रंजय कुमार ने बताया कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी के मार्गदर्शन में मक्का, गेहूं, सरसों आदि रब्बी फसलों की व्यापक क्षति का आंकलन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि व्यापक फसल क्षति के आंकलन का रिपोर्ट जिला कृषि पदाधिकारी को भेजा जायेगा, ताकि पीड़ित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाया जा सके. प्रखंड कृषि समन्वयक ने बताया कि 33 प्रतिशत से अधिक हुईं फसल क्षति का आंकलन किया जा रहा है, ऐसे पीड़ित किसानों को कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति मुआवजा दिलवाने की प्रक्रिया करायी जायेगी.