राजेश कुमार,खोदावन्दपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के कोरजाना की नातिन एवं बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड अंतर्गत महेंद्रपुर गांव की बेटी रुचि सिंह के आईपीएस के लिए चुने जाने पर उनके ननिहाल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया. मंच संचालन प्रो गौतम कुमार ने किया.कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, शिक्षाप्रेमियों, महिलाओं और हर उम्र के ग्रामीणों नें हिस्सा लिया. इस दौरान वहां लोगों की मौजूदगी ने उत्सव जैसा माहौल रहा. कार्यक्रम का आरंभ पंचायत के मुखिया रमेश सिंह द्वारा प्रस्तुत स्वागत भाषण से हुआ. भाजपा कार्यसमिति सदस्य और ग्रामीण राम सुमरन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रुचि का चयन हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है. देश की सबसे बड़ी परीक्षा में सफलता हासिल कर इसने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है. अब हम भी गर्व से कह सकेंगे कि हमारी भगिनी आईपीएस है. इसकी सफलता से पूरे क्षेत्र की बेटियों का मान बढ़ा है. भुसारी फार्म्स लिमिटेड के एमडी नवनीत रंजन ने कहा कि रुचि का आईपीएस के लिए चयन उन माताओं के लिए प्रेरणादायक है, जिन्हें अबतक घर में बच्चियों के जन्म से घोर निराशा का सामना करते हुए देखा गया है. अब ऐसी माएं भी अपनी बच्चियों के जन्म के साथ ही बड़ी सफलता के सपने बुन सकेंगी और आने वाली नई पीढ़ी की बेटियाँ रुचि के मार्ग का अनुशरण कर अपनी प्रतिभा के नित नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी. बेगूसराय के पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह ने कहा कि यह सफलता हमारे लिए उत्साह का विषय है. ये भारत माता के जिस दायित्व को निभाने के लिए निकल पड़ी है, उसमें इन्हें पूरी कामयाबी मिले और ये अपनी नई उपलब्धियों के साथ अपना कर्तव्य निर्वहन करती रहें. जिले के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ नलिनी रंजन सिंह ने कहा कि रुचि की सफलता में उनकी मां निशा सिंह का सबसे बड़ा योगदान है. दूसरी तरफ मां ने सफलता के लिए बेटी के जी-तोड़ मेहनत को श्रेय दिया.
रुचि ने अपने संबोधन में अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और गुरुजनों को देते हुए कहा कि मैं आप सबों के आशीर्वाद, उम्मीद और आपकी आशा के बूते ही जीवन के इस मुकाम पर खड़ी हूँ. मैं भाग्यशाली हूँ कि मैं ऐसे मिडिल क्लास परिवार में पैदा हुई, जहां शिक्षा को महत्वपूर्ण माना जाता है. उन्होंने पढ़ाई के दौरान अपने माता निशा कुमारी, पिता राम शंकर सिंह, नाना उमाकांत सिंह, मामा राकेश सिंह समेत अपनी नानी, दादा- दादी, परिजनों और अपने स्कूल कॉलेज के शिक्षकों के त्याग और योगदान को याद किया. कार्यक्रम को रामबाबू सिंह, डॉ कुंदन कुमार, ब्रजेश कुमार, हरेराम सिंह, कार्तिक सिंह, प्रवीण कुमार, अशोक सिंह, प्रो विपिन कुमार, अमरेश कुमार, राधेश्याम सिंह, संजय कुमार आदि ने संबोधित किया.