खोदावंदपुर,बेगूसराय। मेघौल गांव में बूढ़ी गंडक नदी में मंगलवार की शाम मिली बोरे में बंद एक अज्ञात नवयुवक की शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है. खोदावंदपुर पुलिस ने इस शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है. बताते चलें कि मेघौल गांव में श्मशान घाट के समीप नदी के पानी में बह रही बोरे में बंद एक लाश को देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. बोरे में बंद एक अज्ञात किशोर की शव देख इलाके में सनसनी फैल गयी. लोगों ने बोरे में बंद एक शव के नदी में होने की सूचना खोदावंदपुर पुलिस को दिया. नदी में शव मिलने की सूचना मिलते ही मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, कुछ देर बाद फोरेंसिक जांच टीम भी मौके पर पहुंची. इस शव की शिनाख्त नहीं हो पायी. घटनास्थल पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने आशंका जतायी है कि यह शव कुंभी गांव के एक किशोर का हो सकता है. पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव के एक किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था. इस मामले में चेरिया बरियारपुर थाना में सनहा भी दर्ज किया गया था. पुलिस पदाधिकारियों ने आशंका जतायी है कि मृतक के परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार करने के बजाय प्लास्टिक बोरी में मिट्टी भरकर एवं रस्सी से बांधकर शव को पानी में परवाह कर दिया. लगभग सप्ताह भर के बाद शव के पानी में रहने एवं लाश के फूल जाने पर वह पानी की सतह पर आ गया. पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल गंभीरता से कर रही है.