खोदावंदपुर,बेगूसराय। रंगों का त्यौहार होली पारंपरिक तरीके से बुधवार को उल्लास के साथ मनाया गया. इस मौके पर लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की खुशी साझा किया. होली के मौके पर लोगों ने जोगीरा का भी आनंद लिया. इस मौके पर मांस, मछली की बिक्री काफी हुई. तारा सर्कल चौक के समीप सामाजिक कार्यकर्ता राम गुलजार महतो के आवासीय परिसर सहित कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन भी हुआ, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद उठाया. लोगों ने विभिन्न प्रकार के पकमानों एवं व्यंजनों का भी लुफ्त उठाया.
वहीं दूसरी ओर आइडियल प्रेप पब्लिक स्कूल बरियारपुर पूर्वी में होली के रंग स्कूली बच्चों के संग पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के निदेशक राजाराम महतो, प्राचार्य पूजा कुमारी, शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राओं ने पूरी उमंग के साथ होली मनायी. इस कार्यक्रम में स्कूल के छोटे छोटे बच्चों के द्वारा सभी टीचर्स के ऊपर पुष्प वर्षा कर व अपने हाथों से लाल गुलाल लगाकर उनसे आशीर्वाद लिया और शिक्षकों ने भी सभी छात्र छात्राओं को अबीर गुलाल लगाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और इस अनमोल दृश्य को देखकर हर छात्र छात्राएं खुशी से झूम उठे.