चैती दुर्गा मंदिरों में माता की पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मेला शुरू

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चैती दुर्गा मंदिरों में बुधवार की रात्रि देवी जागरण के उपरांत मां भगवती की पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये. इसके साथ ही बाड़ा, पथराहा, तेतराही एवं मेघौल पेठिया स्थित मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गुरुवार की सुबह से ही विशेष रूप से महिला श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन एवं खोइछा भरने में जुटी रहीं. मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा. इस अवसर पर दुर्गा मंदिरों में विद्वान पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशती का पाठ भी जारी रहा. मंदिर परिसर में तीन दिवसीय मेले का भी शुभारंभ हो गया है. मेले को लेकर दर्जनों दुकानों की सजावट की गयी है, जहां लोगों की चहल-पहल देखी जा रही है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मेले को लेकर खासा उत्साह है. वहीं बाड़ा पेठिया गाछी में पूजा समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. गुरुवार को मां भगवती के महागौरी स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है.