बाड़ा गांव में सर्पदंश से महिला की हुई मौत, झाड़फूंक के चक्कर में गयी जान, पसरा मातम

खोदावंदपुर,बेगूसराय। सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गयी. मृतक महिला की पहचान बाड़ा गांव के रंजीत महतो की 34 वर्षीया पत्नी बेबी देवी के रूप में की गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने मृतका की शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस महिला को रविवार की रात्रि किसी विषैले सर्प ने काट लिया. पहले तो इस महिला को झाड़ फूंक के लिए भगत ओझा के पास ले जाया गया, जहां काफी देर हो गयी. स्थिति बिगड़ने पर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इलाज के लिए दलसिंहसराय ले जाने के दौरान इस महिला ने रास्ते में ही अपना दम तोड़ दिया. इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं दूसरी ओर पंचायत के पूर्व मुखिया टिंकू राय ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के परिजनों को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया.