बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी एक युवक की इलाज के दौरान हुई मौत *शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम*

खोदाबंदपुर,बेगूसराय। होली के दिन हुई तीन बाइकों की जबरदस्त टक्कर में गंभीर रूप से जख्मी हुए एक युवक ने रविवार की दोपहर इलाज के दौरान सदर अस्पताल बेगूसराय में अपना दम तोड़ दिया.मृतक युवक फफौत पंचायत के तारा गांव निवासी अर्जुन राम का 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार है. 9 मार्च को नगर थाने की पुलिस ने शव को बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. सोमवार को बेगूसराय से शव तारा गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने दो भाइयों और चार बहनों में पांचवें स्थान पर था, उसकी दर्दनाक मौत से माँ सुनीता देवी, छोटे भाई शुभम कुमार, बहन काजल कुमारी, मनीषा कुमारी, प्रीति कुमारी एवं निशा कुमारी का रो रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिजनों ने बताया कि अत्यंत गरीब परिवार से जुड़ा शिवम रोजी रोटी कमाने के लिए पहली बार हैदराबाद गया था, वहां तबीयत खराब हो जाने के कारण वह कुछ दिन पहले ही घर आया था. शिवम होली के दिन सब्जी खरीदने खोदावंदपुर सीमान चौक जा रहा था, रास्ते में वह बाइक दुर्घटना का शिकार हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि शिवम के पिता दिव्यांग हैं, उन्हें हार्ड ब्लड प्रेसर की बीमारी है. शिवम अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था, उसकी मौत से परिजनों के समक्ष विपत्ति का पहाड़ टुट पड़ा है. बताते चलें कि होली के दिन हुई तीन बाइकों की जोड़दार टक्कर में कुल 5 युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे, जिनमें शिवम कुमार के अलावे मेघौल गांव के भोला सिंह के 20 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार एवं संजय रजक के 19 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार तथा समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के नरहन निवासी मनोज राम के पुत्र मनीष कुमार तथा इसी गांव के आनंदी राम के पुत्र श्याम कुमार शामिल थे. इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी अन्य युवक भी अस्पताल में इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.मृतक युवक के शव का अंतिम दाह संस्कार स्थानीय बूढ़ीगंडक नदी के रामघाट स्थित शमशान घाट में कर दिया गया. इस घटना को लेकर पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.