खोदावंदपुर/बेगूसराय: खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के दौलतपुर पंचायत में विकास कार्यों में व्यापक गड़बड़ी का मामला सामने आया है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है. बेगमपुर स्थित पुस्तकालय परिसर में पंचायत निधि से लगाये गये वाटरकूलर और आरओ सिस्टम पिछले चार महीनों से बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को पीने के स्वच्छ पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग छह माह पूर्व पुस्तकालय परिसर में आरओ लगाया गया था, लेकिन महज दो महीने के अंदर ही यह खराब हो गया और तब से बंद पड़ा हुआ है. हैरानी की बात यह है कि इस योजना से संबंधित प्राक्कलन राशि का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. इसी परिसर में षष्ठम वित्त आयोग मद से 7 लाख 48 हजार 800 रुपये की लागत से जलापूर्ति व्यवस्था एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण वर्ष 2021-22 में कराया गया था. इस योजना की अनुशंसा जिला परिषद क्षेत्र संख्या-06 के सदस्य द्वारा की गयी थी, जबकि कार्यकारी एजेंसी जिला परिषद बेगूसराय के जिला अभियंता को बनाया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य अधूरा है और निर्माण के बाद से ही इसमें ताला लटका हुआ है. न तो इसका उपयोग हो रहा है और न ही इसकी देखरेख की जा रही है. दोनों योजनाओं के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थिति और भी बदतर हो गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद न तो स्वच्छ पेयजल मिल रहा है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है. ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द योजनाओं को चालू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
इस संदर्भ में बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि वाटरकूलर व आर ओ बंद होने की शिकायत मिली है, मामले की जांच पड़ताल कर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.