ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों ने मैट्रिक परीक्षा 2026 में लहराया परचम, कई विद्यार्थियों ने हासिल किए शानदार अंक

खोदावंदपुर/बेगूसराय। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा रविवार को घोषित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम में ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के आगे कोई बाधा मायने नहीं रखती.
छात्रा जेशिका रानी को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार करते माता-पिता
खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय, मेघौल के छात्र एवं त्रिपुरारी कुमार सिंह के पुत्र आदर्श कुमार ने 476 अंक प्राप्त कर क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया. आदर्श की इस सफलता से विद्यालय समेत पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. वहीं पीएमश्री किसान प्लस टू विद्यालय, तारा बरियारपुर के छात्र एवं रौशन कुमार महतो के पुत्र मोहित कुमार तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, फफौत के छात्र अरविंद कुमार के पुत्र चंदेश कुमार ने 468-468 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. वहीं परियोजना बालिका प्लस टू मेघौल की छात्रा व शशि भूषण वर्मा की पुत्री अन्नू कुमारी ने भी 468 अंक प्राप्त की है. दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव निवासी जगदेव महतो के पुत्र नीरज कुमार तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, मुसहरी के छात्र रंजीत कुमार के पुत्र सोनू कुमार ने 466-466 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इसी क्रम में परियोजना बालिका प्लस टू विद्यालय, मेघौल की छात्रा कृष्ण नंदन महतो की पुत्री सोनी कुमारी ने 453 अंक हासिल किये. श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय मेघौल की छात्रा व खोदावन्दपुर गांव निवासी राम बालक चौधरी- रूबी कुमारी की पुत्री जेशिका रानी एवं शोभा कुमारी ने 450-450 अंक प्राप्त किए. किसान प्लस टू विद्यालय, तारा बरियारपुर के छात्र विवेक कुमार वर्मा ने भी 450 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया. अन्य सफल विद्यार्थियों में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, फफौत के छात्र सौरभ कुमार (445), परियोजना बालिका प्लस टू विद्यालय, मेघौल की छात्रा रूचि कुमारी (445), उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, मुसहरी के छात्र अंकित कुमार (444) एवं किसान प्लस टू विद्यालय तारा बरियारपुर की छात्रा व बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के सदर बाजार टोला निवासी संतोष साह व जहनवी देवी की पुत्री निशा कुमारी (436) शामिल हैं.
*छात्रा निशा को मिठाई खिलाती उसकी मां जहनवी देवी*
इसके अतिरिक्त परियोजना बालिका प्लस टू विद्यालय, मेघौल की छात्रा इशा कुमारी (433), श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय, मेघौल की छात्रा शिवानी कुमारी (422), उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, मुसहरी के छात्र प्रशांत कुमार (420), श्री दुर्गा उच्च विद्यालय, मेघौल की छात्रा आर्य श्री (420) एवं सागी पंचायत के मोहनपुर निवासी अमन राज (400) ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों का मान बढ़ाया है. परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों के घरों में जश्न का माहौल देखा गया. अभिभावकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया, वहीं शिक्षकों ने छात्रों की इस सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. यह परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी संकेत देता है.