खोदावंदपुर,बेगूसराय। बेगूसराय जिला के दो सपूतों प्रणव एवं सौरभ ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सफलता का परचम लहराया है. इन दोनों का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है, इससे न केवल इनके परिजनों बल्कि पूरे जिलावासियों के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है. इन दोनों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए भारत सरकार के नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेस द्वारा यह गौरव प्रदान किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार यह गौरव विगत 25 फरवरी को NBEMS द्वारा आयोजित ऑनलाइन एआई हेल्थकेयर लेसन के लाइव स्ट्रीम के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मिली है. बताते चलें कि बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत गोरापुर निवासी शिवानंद झा के पुत्र प्रणव कुमार झा ने कोर आईटी टीम के अहम सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.वह वर्तमान में एनबीइएमएस में अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि डॉ कुमार सौरभ बेगूसराय अंचल के प्रभारी अंचल निरीक्षक कुमार रजनीश के पुत्र हैं एवं प्रणव कुमार इनके दामाद हैं. इन्होंने सक्रिय प्रतिभागी के रूप में इस उपलब्धि को और भी विशेष बना दिया. उनकी भागीदारी ने इस शैक्षणिक कार्यक्रम की सफलता में अहम योगदान दिया. इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है. सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और परिजनों ने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से छोटे शहरों के युवा भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं.