मंझौल शताब्दी मैदान में तीन दिवसीय डे नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग से भागलपुर व बालिका वर्ग से बेगूसराय की टीम ने ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेगूसराय जिला के मंझौल शताब्दी मैदान में आयोजित 21वीं राज्य स्तरीय बालक व बालिका वॉलीबॉल डे नाइट तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों की कई टीम ने भाग लिया. रविवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया, जिसमें बालक वर्ग से भागलपुर और समस्तीपुर जिला की टीम के बीच खेला गया. इसमें भागलपुर की टीम ने समस्तीपुर की टीम को पराजित कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया. वहीं बालिका वर्ग से बेगूसराय की टीम ने मोकामा की टीम को वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पराजित कर फाइनल मैच का खिताब जीत लिया. बालक और बालिका वर्ग की दोनों टीम को मुख्य अतिथि सह बिहार सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला के डीएम सह चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के बसही गांव निवासी रवीन्द्र कुमार समेत अन्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान किया. इससे पूर्व बेगूसराय जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष ने बालक और बालिका वर्ग के फाइनल में पहुंचे दोनों टीम के खिलाड़ियों से खेल मैदान में परिचय प्राप्त कर उनका हौसला को बढ़ाया. इस अवसर पर बेगूसराय डीएम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप दोनों की बहुत ही अच्छी टीम है. खास करके बेगूसराय जिला के बच्चे खेल विधाओं में अग्रणी है. खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगा. कार्यक्रम पूर्व इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजक दिल्ली डीडी न्यूज के वरिष्ठ पत्रकार राजेश राज ने मंचासीन सभी अतिथियों को बुके, चादर और प्रतीक चिन्ह भेंट देकर उन्हें सम्मानित किया. मौके पर मंझौल एसडीएम प्रमोद कुमार, एसडीपीओ नवीन कुमार, मंझौल आरसीएस कॉलेज के प्रिंसिपल कमलेश सिंह, रामाशीष प्रसाद सिंह, दिवाकर भारती समेत कई अन्य अतिथि भी मंचस्थ थे.