रामनवमी एवं ईद को लेकर खोदावंदपुर थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक

खोदावंदपुर,बेगूसराय। आगामी ईद व रामनवमी पर्व को लेकर रविवार को खोदावंदपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख संजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. इस बैठक में आपसी सौहार्द के साथ ईद एवं रामनवमी का पर्व मनाने की अपील की गयी.वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि आला कमान ने ईद एवं रामनवमी के मौके पर डी जे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिये हैं. इसलिए डी जे और अश्लील गीत बजाने से परहेज करें. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के द्वारा अक्सर अफवाह फैलाकर सामाजिक समरसता बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है, इसलिए लोगों को सोशल मीडिया के द्वारा फैलाये जाने वाले भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने और इससे बचने की सलाह दी. प्रभारी थानाध्यक्ष ने ईद एवं चैती दुर्गा के मौके पर पुलिस की विशेष गश्ती की व्यवस्था रहने और उपद्रवी तत्वों पर पुलिस द्वारा पैनी नजर रखे जाने की जानकारी दी. उन्होंने सभी मुसलमान भाइयों से निर्धारित अवधि में ईद की नमाज अदा करने की अपील की, साथ ही चैती दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए पूजा समिति को लाइसेंस लेना अनिवार्य बताया. उन्होंने मानक के अनुरूप पूजा पंडाल का निर्माण करने एवं सुरक्षित रूप से पूजा पंडाल में बिजली की व्यवस्था करने की भी अपील की. बैठक में पूर्व मंत्री अशोक कुमार, एस आई अख्तर हुसैन, अंजली भारद्वाज, पंसस विनोद सहनी, सरपंच नवीन प्रसाद यादव, भोला पासवान, पूर्व मुखिया अनिल कुमार, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी, विजय सिंह कुशवाहा, माकपा नेता अब्दुल कुद्दूस, समाजसेवी जयदेव कुमार सिन्टु, श्याम झा, राम प्रकाश चौधरी, डॉ लुकमान हकीम, तरुण कुमार रौशन, कैलाश यादव, फिरोज अख्तर उर्फ हेना,  रामप्रीत यादव सहित अनेक सामाजिक व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौजूद थे.